बदहाल सड़कों ने बढ़ाई राहगीरों की मुसीबत

जबलपुर। शहर में गणेशोत्सव की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। गणेश प्रतिमाएं शहर में पहुंच चुकी हैं और अब जगह-जगह पंडाल सजने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लेकिन इसी बीच शहर के मध्य क्षेत्र की एक प्रमुख सड़क की बदहाल तस्वीर सामने आई है, जो त्योहार के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।मालवीय चौक स्थित यातायात थाना क्षेत्र से रानीताल  को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में नजर आ रही है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टी बिखरी हुई है न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलन और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। इसके अलावा गंजीपुरा  मार्ग भार्गव चौक रानीताल गोल बाज़ार मार्ग घड़ा फाटक लिंक रोड दीक्षितपूरा मार्ग शहर शहर की हर गली  की सड़क जर्जर हालत में पहुंच गईगणेशोत्सव के दौरान शहर में बड़ी संख्या में गणेश पंडाल लगाए जाएंगे। पंडालों में आकर्षक विद्युत सजावट के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ेगी। ऐसे में जिन मार्गों पर अभी सामान्य दिनों में ही  बिखरी गिट्टी की समस्या है, वहां त्योहार के दौरान बढ़ने वाला यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है।स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहा है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो कहीं यही बिखरी गिट्टी और जर्जर सड़क गणेशोत्सव की भीड़ के बीच किसी हादसे की वजह न बन जाए।सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस क्षेत्र में स्मार्ट सिटी का कार्यालय मौजूद है, उसी के आसपास सड़क की यह स्थिति बनी हुई है। शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी तस्वीर में सड़क पर बिखरी गिट्टी और उड़ती धूल व्यवस्थाओं की पोल खोलती नजर आ रही है।सवाल यह भी है कि जब शहर के इतने महत्वपूर्ण और मध्य क्षेत्र की सड़क की हालत ऐसी है, तो शहर के बाहरी और कम महत्वपूर्ण इलाकों में सड़कों की स्थिति कैसी होगी?
गणेशोत्सव शुरू होने से पहले संबंधित विभागों को इस सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की जरूरत है। सड़क से बिखरी गिट्टी हटाने और धूल की समस्या दूर करने के साथ-साथ यातायात की दृष्टि से भी मार्ग को सुरक्षित बनाया जाना जरूरी है।गणेशोत्सव आस्था और उत्साह का पर्व है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले मार्ग सुरक्षित और सुगम रहें। अब देखना होगा कि त्योहार शुरू होने से पहले जिम्मेदार विभाग इस बदहाल सड़क का संज्ञान लेते हैं या फिर लोगों को इसी जर्जर सड़क और गिट्टी के बीच आवागमन करना पड़ेगा।