जबलपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने नामी कंपनी पूमा (PUMA) के नाम और लोगो की हूबहू नकल कर नकली कपड़ों का कारोबार करने वाले दुकानदार और उसके सहयोगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को नकली कपड़ों की खेप सप्लाई करते हुए पकड़ा, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर गढ़ाफाटक स्थित बड़े बाबा गारमेंट्स में दबिश देकर कुल 496 नग नकली टी-शर्ट, लोवर और हुडी जब्त किए गए। मामले में दुकान मालिक समेत दो आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार, एल्यूडिकेशन एडवोकेट एंड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म, नई दिल्ली के जांच अधिकारी मयंक शर्मा ने पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय से शिकायत की थी कि कोतवाली क्षेत्र की कपड़ा दुकानों पर पूमा कंपनी के नाम और लोगो से मिलते-जुलते नकली कपड़े बेचे जा रहे हैं।शिकायत की तस्दीक के बाद एसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली मानस द्विवेदी ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक एक्टिवा में सफेद प्लास्टिक की बोरी रखकर पूमा के लोगो लगे नकली कपड़े बेचने के लिए बड़ा फुहारा की ओर जा रहा है। पुलिस ने कोतवाली थाने के सामने घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम तनिष्क जैन (25), निवासी मिलौनीगंज, हनुमानताल बताया। तलाशी में बोरी से पूमा के नाम-लोगो वाले 36 टी-शर्ट और 24 लोवर बरामद हुए।
पूछताछ में तनिष्क ने बताया कि वह गढ़ाफाटक रोड स्थित बड़े बाबा गारमेंट्स में काम करता है और दुकान मालिक के कहने पर वहां से कपड़े लेकर सप्लाई करने जा रहा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने नई दिल्ली से आए जांच अधिकारी मयंक शर्मा के साथ बड़े बाबा गारमेंट्स पर दबिश दी।
दुकान की तलाशी में 300 नग टी-शर्ट और 136 नग हुडी बरामद हुईं। दुकान संचालक खेमचंद जैन (55), निवासी भालदापुरा नरघैया, कोतवाली ने पूछताछ में बरामद माल को अपना होना बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 496 नग नकली कपड़े जब्त किए।पुलिस ने आरोपी तनिष्क जैन और दुकान मालिक खेमचंद जैन के खिलाफ धारा 51 एवं 63 कॉपीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली मानस द्विवेदी, प्रधान आरक्षक सुनील दुबे, आरक्षक दान सिंह और अजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।