333 पाव देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पनागर पुलिस ने एक आरोपी को 333 पाव देशी शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब्त शराब की कीमत करीब 36 हजार 65 रुपये बताई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।थाना प्रभारी पनागर डीएसपी विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि 22 अगस्त को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि रिंग रोड किनारे ब्रिज के पास ग्राम कोहना (कोहनी) में एक व्यक्ति तीन प्लास्टिक की बोरियों में अवैध शराब रखकर बिक्री की तैयारी में खड़ा है।सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति तीन प्लास्टिक की बोरियों के साथ खड़ा मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रूपेश साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी भिड़ारीकला पनागर बताया। पुलिस ने जब तीनों बोरियों की तलाशी ली तो उनमें कुल 333 पाव देशी शराब बरामद हुई।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अलग-अलग शराब दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर उसे एकत्र करता था और बाद में ढाबों एवं फुटकर स्तर पर बेचता था। पुलिस ने शराब जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है।