नर्मदा जल से 12 ज्योतिर्लिंगों का अभिषेक, हर-हर महादेव के जयघोष

जबलपुर। श्रावण मास में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब दादा ठनठनपाल कांवड़ यात्रा में 300 से अधिक कांवड़ियों ने शिवपुत्री मां नर्मदा के पवित्र जल से कचनार सिटी स्थित बड़े शंकर जी मंदिर में विराजमान 12 ज्योतिर्लिंगों का अभिषेक किया। कांवड़ियों के हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय हो उठा।पार्षद अर्चना सिसौदिया की अगुवाई में कांवड़ियों ने संत घाट, लम्हेटा से मां नर्मदा का जल भरा। इसके बाद कांवड़ यात्रा लम्हेटाघाट, दलपतपुर, चौकीताल, अंधुआ, बसा, कचनारी, रैगवां, लमती, कंचन विहार और घड़ी चौक विजय नगर होते हुए कचनार सिटी पहुंची। यहां कांवड़ियों ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का पूजन कर नर्मदा जल अर्पित किया और 12 ज्योतिर्लिंगों का जलाभिषेक किया।

जगह-जगह  कांवड़ियों का स्वागत

कांवड़ यात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर जल और प्रसाद की व्यवस्था की गई। यात्रा के दौरान भक्तिभाव का ऐसा वातावरण बना कि पूरा मार्ग हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा।

ज्योतिर्लिंगों के अभिषेक के बाद महाआरती का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर संस्कारधानी जबलपुर की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की। कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कांवड़ यात्रा में जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, भेड़ाघाट नगर परिषद अध्यक्ष चतुर सिंह, शिव पटेल, पार्षद अर्चना सिसौदिया, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य अंशुल, राघवेंद्र यादव, सोनिया रंजीत सिंह, मोनिका पुष्पेंद्र सिंह, प्रतिभा भापकर, कविता रैकवार, रजनी सुरेंद्र साहू, अजय पटेल, संध्या ठाकुर, धीरज पटेल, प्रमोद पटेल, कुलदीप सिंह सिसौदिया, जगमोहन पटेल, यशवंत सिंह, भीष्म सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।