जबलपुर। आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) में सोमवार की सुबह उत्पादन कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। एफ-2 सेक्शन की बिल्डिंग नंबर 802 में काम करते समय अचानक बारूद में उठी चिंगारी की चपेट में आने से एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद सेक्शन में हड़कंप मच गया। घायल कर्मचारी को प्राथमिक चिकित्सा के बाद शहर के निजी अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी हैप्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह की पाली में एफ-2 सेक्शन स्थित टैंकर यूनिट में रोजमर्रा की तरह उत्पादन का काम चल रहा था। इसी दौरान यहाँ पदस्थ डीबीडब्ल्यू (DBW) कर्मचारी वासुदेव राम काम में व्यस्त थे। काम के दौरान अचानक बारूद में चिंगारी भड़क उठी, जिसकी चपेट में आने से वासुदेव राम झुलस गए। वहाँ मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घटना की सूचना निर्माणी प्रशासन को दी।हादसे के तुरंत बाद घायल कर्मचारी को निर्माणी के ओएफके अस्पताल ले जाया गया। वहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कर्मचारी की स्थिति को देखते हुए उसे महाकोशल अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल वासुदेव राम को महाकोशल अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही निर्माणी के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि भी स्थिति का जायजा लेने अस्पताल पहुँचे।