पानी की बोतलों में कच्ची शराब भरकर बेचने की तैयारी थी आबकारी टीम ने दबोचा

जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। सिहोरा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से चल रही धरपकड़ के बीच आबकारी टीम ने घाट सिमरिया में दबिश देकर बड़ी मात्रा में कच्ची शराब और महुआ लाहन बरामद किया है। खास बात यह रही कि मौके पर कच्ची शराब को प्लास्टिक की पानी की बोतलों में भरकर बिक्री के लिए तैयार रखा गया था।आबकारी विभाग की टीम ने दोपहर करीब 12 बजे घाट सिमरिया में दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके से 30 लीटर कच्ची शराब और करीब 150 किलो महुआ लाहन बरामद हुआ। इसके अलावा 46 पाव देसी मसाला शराब और 20 पाव देसी प्लेन शराब भी जब्त की गई।

पानी की बोतलों में भर रखी थी कच्ची शराब

कार्रवाई के दौरान टीम को प्लास्टिक की पानी की बोतलों में भरी कच्ची शराब मिली। बताया गया कि अवैध कारोबारी इसे सामान्य पानी की बोतलों में भरकर खपाने की तैयारी में थे। पानी की बोतल के जरिए शराब की बिक्री करने का यह तरीका इस वजह से अपनाया जा रहा था कि पहली नजर में बोतल सामान्य नजर आए और किसी को आसानी से संदेह न हो।आबकारी टीम ने मौके से शराब से संबंधित सामग्री जब्त करते हुए अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

लगातार तीसरे-चौथे दिन दबिश

सिहोरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग पिछले तीन-चार दिनों से लगातार कार्रवाई कर रहा है। विभाग की टीम अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों पर शिकंजा कस रही है। इसी अभियान के तहत विभाग द्वारा मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कुल सात प्रकरण दर्ज किए गए घाट सिमरिया में हुई कार्रवाई में वृत्त प्रभारी आरएस मरावी, परिवीक्षाधीन आबकारी उपनिरीक्षक रविंद्र कुरील, मुख्य आरक्षक संतलाल मरावी एवं फूल सिंह एटिया, आरक्षक ज्ञानेंद्र सिंह एवं अमिता केसरवानी शामिल रहे।