नई दिल्ली/। यात्रियों को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा सुधारात्मक कदम उठाया है। पेयजल की गुणवत्ता को लेकर नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद रेलवे में पेयजल व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बेहतर बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं।रेलवे के अनुसार, यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए देशभर में व्यापक स्तर पर नई व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत रेलवे नेटवर्क के लगभग 20 हजार प्रमुख स्थानों, जिनमें वाटर कूलर भी शामिल हैं, पर ‘टैंक टू टैप’ जल शोधन एवं सतत निगरानी प्रणाली स्थापित की जाएगी।
पुराने और जर्जर पानी के टैंक बदले जाएंगे
रेलवे ने पुराने एवं जर्जर हो चुके जल भंडारण टैंकों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही सभी जल भंडारण टैंकों की निर्धारित समयावधि में नियमित सफाई और उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।
पानी की गुणवत्ता जांच होगी अनिवार्य
रेलवे द्वारा जल गुणवत्ता को लेकर कई स्तरों पर निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी। जल स्रोत से लेकर नल और आउटलेट बिंदुओं तक नियमित रूप से पानी की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। इसके लिए केंद्रीकृत निगरानी व्यवस्था विकसित करने के साथ संबंधित अधिकारियों की स्पष्ट जवाबदेही भी तय की जाएगी।
रेलवे का जोर इस बात पर रहेगा कि यात्रियों तक पहुंचने वाले पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।
रेलवे बोर्ड स्तर से होगी सीधी निगरानी
सुरक्षित पेयजल आपूर्ति को रेलवे ने सर्वोच्च प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में शामिल किया है। इसकी सीधी निगरानी रेलवे बोर्ड स्तर से की जाएगी। व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जल गुणवत्ता परीक्षण के आंकड़े और सुधार कार्यों की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर सार्वजनिक किए जाने की बात भी कही गई है।रेलवे के इस कदम का उद्देश्य सीएजी की रिपोर्ट में सामने आई टिप्पणियों और सिफारिशों का समाधान करने के साथ यात्रियों के यात्रा अनुभव को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की यह नई व्यवस्था रेलवे की यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की व्यापक मुहिम का महत्वपूर्ण हिस्सा है।