जबलपुर। जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए लोग अक्सर भव्य आयोजन, केक और दावत का सहारा लेते हैं, लेकिन आशीष एवं भावना विश्वकर्मा ने अपनी नन्हीं बेटी शुभकामना के जन्मदिन को सेवा और मानवता के नाम कर एक अनूठी मिसाल पेश की। बेटी के जन्मदिन पर तामझाम और मेहमानों की पार्टी करने के बजाय जरूरतमंदों की सेवा को उत्सव बनाया गया। अधारताल तिराहा स्थित अमृतसरी नान रेस्टोरेंट एवं होटल उत्सव इन में आयोजित निःशुल्क सेवा शिविर में दिव्यांगजनों, बुजुर्गों एवं जरूरतमंदों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण दुर्जनों की संख्या में निःशुल्क वितरित किए गए। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण एवं नेत्र जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
शिविर में दादा वीरेन्द्रपुरी जी नेत्र संस्थान देवजी नेत्रालय के सहयोग से मोतियाबिंद, कांचियाबिंद, रेटीना सहित विभिन्न नेत्र रोगों की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार ऑपरेशन के लिए मरीजों को चिन्हित किया गया। इसके अलावा रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें मेडिकल ब्लड बैंक की टीम ने करीब आधा दर्जन रक्त का संग्रहण किया।
शिविर में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्पराज पटेल, वरिष्ठ छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास पटेल, डॉ. पंकज मिश्रा, मनोचिकित्सक डॉ. शुभांशु शर्मा (एमबीबीएस, एमडी), होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. रीता शर्मा (बीएचएमएस), हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहसिन अंसारी सहित विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
इन सामग्रियों का हुआ निःशुल्क वितरण:-
इस दौरान बीपी, ब्लड शुगर, लिपिड प्रोफाइल, ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंदों के लिए बैसाखी, व्हीलचेयर, वॉकर, छड़ी, कमोड चेयर, श्रवण यंत्र, कमर सहायक बेल्ट, घुटना सहायक पट्टी, रीढ़ सहायक उपकरण, सिलिकॉन फोम गद्दी, दिव्यांग तिपहिया वाहन, विशेष व्हीलचेयर, दैनिक जीवन सहायक सामग्री किट सहित अनेक उपयोगी उपकरण वितरित किए गए।
इनके सहयोग से हुआ आयोजन:-
कार्यक्रम में आर्टिफिशियल लिम्ब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, जिला चिकित्सालय विक्टोरिया, शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय गौरीघाट, अमृतसरी नान रेस्टोरेंट एवं होटल उत्सव इन का सहयोग रहा। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ नवीन कोठारी, एलिम्को से नितिन मेहरा, पार्षद विमल राय तथा श्री विश्वकर्मा महासंगठन अध्यक्ष रमेश कुमार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। बेटी शुभकामना के जन्मदिन पर सेवा का यह आयोजन उपस्थित लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। एक नन्हीं बेटी के जन्मदिन पर जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने की पहल ने यह संदेश दिया कि जन्मदिन का असली उत्सव केवल खुशियां मनाना नहीं, बल्कि उन खुशियों को समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना भी है।