बंजारी घाटी में दौड़ते कंटेनर में लगी आग

जबलपुर। सिवनी से जबलपुर की ओर जा रहा एक कंटेनर रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बंजारी घाटी के पास अचानक आग की चपेट में आ गया। करीब 8.30 बजे वाहन से धुआं उठता देख चालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाई और कंटेनर को सड़क किनारे रोककर नीचे कूद गया। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को घेर लिया और कुछ ही देर में आसमान में काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।आग की तेज लपटों को देखकर हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। लोगों ने वाहन से दूरी बनाकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की। इसी दौरान जलते कंटेनर से दो तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास मौजूद लोग सहम गए और मौके से दूर हट गए। गनीमत रही कि आग की चपेट में आसपास कोई दूसरा वाहन नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।

एक लेन बंद, कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार

घटना के बाद मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जुट गई। जलते कंटेनर और लोगों की आवाजाही के कारण हाईवे की एक लेन बंद हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई।सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछारों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त कंटेनर को हटाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की गई।प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह इंजन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।