जबलपुर। अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था मजबूत करने पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर 15 अगस्त की रात से 16 अगस्त की तड़के तक जिले में विशेष कांबिंग गश्त चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, सीएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने शहर और देहात में दबिश देकर लंबे समय से फरार आरोपियों और वारंटियों पर कार्रवाई की।अभियान के दौरान 106 गैर-जमानती वारंट, 86 गिरफ्तारी वारंट और 47 जमानती वारंट, यानी कुल 239 वारंट तामील किए गए। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुसाफिरखाना सहित प्रमुख स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग करते हुए देर रात आने-जाने वालों से पूछताछ की गई।पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों पर अंकुश लगाने और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।