निगम चुनाव को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने किया मंथन, पटवारी बोले, विधानसभा में भी होगी कांग्रेस की जोरदार वापसी


जबलपुर। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जबलपुर में संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी रविवार शाम जबलपुर पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जेडीए के पूर्व उपाध्यक्ष मुहम्मद कदीर सोनी के मंसूराबाद, मिलौनीगंज स्थित निवास पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया। बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी को तैयार करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

संगठन को मजबूत करने पर जोर………………

बैठक में विधायक लखन घनघौरिया, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, यश घनघौरिया, जबलपुर प्रभारी पप्पू खुराना, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुहम्मद कदीर सोनी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव, पूर्व विधायक विनय सक्सेना, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में नगर निगम चुनाव की तैयारियों, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर नेताओं ने विचार-विमर्श किया। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रहने और स्थानीय मुद्दों को मजबूती के साथ उठाने पर जोर दिया गया।

दतिया उपचुनाव की जीत से कांग्रेस में उत्साह……………

बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि इस जीत ने कार्यकर्ताओं का मनोबल मजबूत किया है और कांग्रेस आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह तैयार है।
पटवारी ने दावा किया कि नगर निगम चुनाव के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस जोरदार वापसी करेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता के लिए मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता जरूरी हैं। कांग्रेस जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

चुनावी गतिविधियां तेज करने की तैयारी…………..

नगर निगम चुनाव को लेकर हुई बैठक को कांग्रेस की आगामी चुनावी तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि आने वाले दिनों में संगठन स्तर पर बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और कार्यकर्ता गतिविधियों को और तेज किया जाएगा। कांग्रेस नेतृत्व का जोर स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंच बढ़ाने और संगठन को चुनावी रूप से मजबूत करने पर है।
बैठक में विधायक लखन घनघौरिया, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, यश घनघौरिया, पप्पू खुराना, मुहम्मद कदीर सोनी, सौरभ शर्मा, संजय यादव, विनय सक्सेना, अमरीश मिश्रा, गुलाम हुसैन, अकबर खान, अशरफ मंसूरी, शमीम अंसारी गुड्डू, अतुल बाजपेयी, ताहिर अली, शाकिर कुरैशी, ताहिर खोकर, पप्पू वसीम खान, आलोक गुप्ता, दिलीप साहू, आजाद अंसारी, शाबाश मंसूरी, शादाब अंसारी, हाजी सगीर मंसूरी, एडवोकेट परवेज अख्तर सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शोक संतप्त परिवारों में पहुंचे ……………..

जबलपुर प्रवास के दौरान जीतू पटवारी वरिष्ठ नेता कदीर सोनी के भाई के निधन पर और कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष बलवंत सिंह गुर्जर की पत्नी के निधन पर उनके निवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इसके बाद पटवारी पूर्व पार्षद पंकज पांडे की माताजी के निधन पर उनके निवास भी पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।