जबलपुर। जिला साहू समाज जबलपुर की ओर से प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान में मानस भवन, राइट टाउन में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पांचवीं, आठवीं, दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ उच्च शिक्षा एवं खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भक्त माता कर्मा की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।समारोह में जिलेभर से आए 145 से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और समाज के पदाधिकारियों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के बच्चों को शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
समारोह में मुख्य अतिथि महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, पूर्व महापौर श्री प्रभात साहू, राधेश्याम साहू, भाजपा मंडल जिले की अध्यक्ष श्रीमती भावना साहू, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती ममता राधेश्याम साहू, डॉ. निशा सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों का पुष्पहार, शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
शिक्षा ही समाज की प्रगति का मूल आधार
मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि शिक्षा ही समाज की प्रगति का मूल आधार है। कठिन परिश्रम से सफलता प्राप्त करने वाले युवा समाज का गौरव हैं और दूसरे बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा अपनी शिक्षा और ज्ञान का उपयोग समाज एवं देश की उन्नति के लिए करें।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर प्रभात साहू ने समाज के प्रत्येक वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने से बच्चों में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है और समाज की नई पीढ़ी बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर होती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और अपने ज्ञान का उपयोग समाजहित में करने का आह्वान किया।
नैतिक शिक्षा और भारतीय संस्कारों पर जोर
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने शिक्षा के क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।सचिव उमेश ओजने छात्र जीवन में नैतिक शिक्षा और भारतीय संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होना आवश्यक है।कार्यक्रम में मुकेश साहू, अध्यक्ष शिक्षा प्रकोष्ठ, दीपक साहू, शाहपुरा उपाध्यक्ष शिक्षा प्रकोष्ठ तथा राज साहू, प्रचार मंत्री को भी सम्मानित किया गया।समारोह में जिला साहू समाज जबलपुर के डीके साहू, पियूष सोन, डॉ. पुरुषोत्तम साहू, प्रीतम साहू, सुबोध साहू, सुबोध कटरे, रूपलाल साहू, प्रदीप साहू (महाराजपुर), रमेश साहू (अधारताल), शिवकुमार साहू (कटंगी), विक्रम साहू, सूरज साहू, निशांत साहू (शाहपुरा) सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।महिला प्रकोष्ठ से रीना सुनील साहू, प्रेरणा अर्जुन साहू, प्रीति राज साहू, साधना इंद साहू सहित युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, सामाजिक बंधु एवं छात्र-छात्राओं के अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन उमेश साहू ओजने किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया तथा समाज की प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।