कांबिंग गश्त में 282 वारंट तामील,

जबलपुर। अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ जबलपुर पुलिस ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में पांच घंटे चली कांबिंग गश्त में पुलिस टीमों ने दबिश देकर 282 वारंट तामील किए। इनमें कई वर्षों से फरार 107 गैर जमानती वारंटी, 102 गिरफ्तारी वारंट और 73 जमानती वारंट शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 8 अगस्त की रात 9 बजे से 9 अगस्त की रात 2 बजे तक शहर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कांबिंग गश्त की गई। कार्रवाई के लिए थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने वारंटियों और विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, ग्रामीण एएसपी अनु बेनीवाल, एएसपी अपराध जितेंद्र सिंह, एएसपी जोन-2 पल्लवी शुक्ला, एएसपी जोन-4 अंजना तिवारी, एएसपी मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा और एएसपी यातायात अखिलेश तिवारी सहित नगर पुलिस अधीक्षकों, डीएसपी और एसडीओपी के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया।

स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखाने में भी जांच

कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की। देर रात आने-जाने वाले लोगों को रोककर पूछताछ की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखाने में संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने जिलेभर में एक साथ दबिश देकर लंबे समय से पुलिस से बच रहे वारंटियों को पकड़ा।पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने के साथ अपराधियों में पुलिस का भय और आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।