जबलपुर। रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार से ठीक पहले बस किराए में की गई वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी परिवहन प्रकोष्ठ के नरिंदर सिंह पांधे ने बस किराए में हुई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
नरिंदर सिंह पांधे ने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही आम जनता को त्योहार के समय बस किराए में भारी बढ़ोतरी का सामना करना पड़ रहा है। बस किराए की दर 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 2 रुपये प्रति किलोमीटर किया जाना आम यात्रियों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ है।उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में भाई-बहन एक-दूसरे के घर आते-जाते हैं। ऐसे समय में बस किराए में वृद्धि होने से त्योहार पर घर जाने वाले परिवारों का यात्रा खर्च बढ़ जाएगा। इसका सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बजट पर पड़ेगा।नरिंदर सिंह पांधे ने सरकार से सवाल किया कि जब त्योहार के समय आम जनता को राहत मिलनी चाहिए, तब किराए में बढ़ोतरी कर लोगों पर अतिरिक्त बोझ क्यों डाला जा रहा है?उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता की परेशानियों को समझते हुए बस किराए में की गई वृद्धि तत्काल वापस लेनी चाहिए। यदि सरकार ने किराया वृद्धि का निर्णय वापस नहीं लिया तो कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ यात्रियों की आवाज को सड़क से लेकर शासन-प्रशासन तक उठाएगा और जनहित में इस निर्णय का पुरजोर विरोध करेगा।