जबलपुर,। आज श्रावण के दूसरे सोमवार का 10 अगस्त को शहर की धर्मधानी की संज्ञा परिभाषित होगी। एक तरफ गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड से सम्मानित विश्व की सबसे बड़ी ऐतेहासिक संस्कारधानी की संस्कार कांवड़ यात्रा सुबह 7 बजे से माँ नर्मदा तट गौरीघाट से कैलाशधाम खमरिया की ओर रवाना होगी तो दूसरी तरफ संस्कारधानी में महाकाल की तर्ज पर गुप्तेश्वर महादेव की शाही सवारी यात्रा सुबह 10 बजे भक्तों को आशीर्वाद देने नगर भ्रमण पर निकलेगी।
नर्मदा जल लेकर निकलेंगे 1 लाख कावड़िए…………
संस्कार कांवड़ यात्रा समिति के आयोजक शिव यादव, नीलेश रावल, सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि यात्रा गौरीघाट में माँ नर्मदा का पूजन कर प्रारंभ होगी, लगभग 1 लाख कावड़िए नर्मदा जल लेकर शिवजी का अभिषेक करने रवाना होंगे| यह यात्रा गौरीघाट से रेतनाका, रामपुर चौक, सराफा बाजार से गलगला, बेलबाग, घमापुर चौक, कांचघर चौक, गोकलपुर, रांझी, खमरिया चौक से कैलाश धाम में संपन्न होगी। जहाँ काँवड़िए 35 किलोमीटर चल कर महादेव का जल अभिषेक करेंगे।
संत समाज करेगा शाही यात्रा की अगुवाई…….
गुप्तेश्वर पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी मुकुंद दास महाराज, मार्गदर्शक डॉ. स्वामी नृसिंहदास महाराज, शाही सवारी के संयोजक पं. द्वारिका प्रसाद मिश्रा, पं. पंकज पाण्डे आदि ने बताया कि शाही यात्रा उज्जैन के महाकाल भगवान की तरह अपने गर्भगृहसे निकल कर 10 अगस्त की सुबह 10 बजे गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर शक्ति नगर चौक, कृपाल चौक, हाथीताल, हितकारिणी स्कूल, अनगढ़ महावीर मंदिर, आदिशंकराचार्य चौक (छोटी लाइन), शास्त्री ब्रिज, बस स्टैंड, गंजीपुरा, फुहारा से होते हुए मिलौनीगंज रामलीला मैदान में यात्रा का समापन होगा। आयोजकों ने बताया कि शाही यात्रा की अगुवाई डॉ. स्वामी नृसिंहदास, महामण्डलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी, दण्डीस्वामी कालीकानंद महाराज, स्वामी पगलानंद, डॉ. स्वामी राधे चैतन्य, साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी, स्वामी राजारामाचार्य, स्वामी रामजी शरण, स्वामी चैतन्यानंद सहित अनेक महात्मागण शामिल होंगे। आयोजक मंदिर परिवार के दिलीप अग्रवाल, प्रशांत मिश्रा, पिंकी अग्रवाल, शेखर सराफ, एडवोकेट राजेश तिवारी, ऋषभ अग्रवाल, हरीश सचदेवा, प्रभात मिश्रा, उत्कर्ष रावत, आदि ने शहरवासियों से शाही सवारी यात्रा में दर्शन पूजन कर पुण्य लाभ लेने की अपील की हैं।
शिव मंदिरों में भीड़ को लेकर अतिरिक्त प्रबंध …
कांवड़ यात्रा के अलावा सावन सोमवार के अवसर पर शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से देर रात तक भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसको ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसरों में भी सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग लाइनें और व्यवस्था की गई है, जिससे दर्शन व्यवस्था व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।