जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में मारपीट की शिकायत करने थाने जाने की तैयारी कर रहे एक परिवार के घर पर दो बम फेंकने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गोपाल होटल के पास रहने वाली पूजा रजक ने शिकायत में बताया कि उसके भतीजे मनीष उर्फ मनी रजक के साथ 2 अगस्त की शाम करीब साढ़े पांच बजे कुछ युवकों ने सोनू पासी के घर के पास आशा चक्की क्षेत्र में मारपीट की थी। आरोप है कि मंजीत ठाकुर, राजेन्द्र विनोदिया, प्रिंस और विजय चौधरी ने मिलकर मनीष के साथ मारपीट की।
शिकायत करने निकलते, उससे पहले घर पर हमला
मारपीट के बाद मनीष के माता-पिता मामले की शिकायत करने थाने जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सोनू पासी और पुष्पेन्द्र उर्फ गोलू विनोदिया कथित रूप से संयासी बाबा की कुलिया की ओर से वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए घर पर दो बम फेंके और मौके से भाग निकले।
बम फेंके जाने की घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
एक सप्ताह में दूसरी बमबाजी
घमापुर क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर बमबाजी की यह दूसरी घटना सामने आने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर भय का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ ही घटना के कारणों और आपसी विवाद की भी पड़ताल कर रही है।