गंजीपुरा सुलभ कॉम्प्लेक्स की पीओपी सीलिंग गिरी, बाल-बाल बची महिला

जबलपुर। गंजीपुरा क्षेत्र में करीब चार माह पहले 25 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया सुलभ कॉम्प्लेक्स शनिवार सुबह उस समय सुर्खियों में आ गया, जब परिसर की पीओपी सीलिंग का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। घटना के समय कॉम्प्लेक्स में कई लोग मौजूद थे। सीलिंग गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और एक महिला इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बची। गनीमत रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए बताया कि कॉम्प्लेक्स की दीवारों और अन्य हिस्सों में भी जगह-जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं। लोगों का कहना है कि यदि सीलिंग का हिस्सा उस समय गिरता, जब उसके ठीक नीचे अधिक लोग मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

मौके पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष, जांच की मांग

हादसे की सूचना मिलते ही नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नगर निगम प्रशासन पर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि जिस कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर लाखों रुपए खर्च किए गए, वह महज चार महीने में ही खराब होने लगा है। उन्होंने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों व संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कीनेता प्रतिपक्ष ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की अनदेखी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसकी वजह से इतनी कम अवधि में भवन में खामियां सामने आने लगी हैं।फिलहाल घटना के बाद कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।