जबलपुर। कृषि उपज मंडी के सामने देर रात तीन बदमाशों ने एक ई-रिक्शा चालक को घेरकर उसके साथ मारपीट की और उसका वाहन लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने चालक पर बेल्ट और हाथ-मुक्कों से हमला किया। वारदात के दौरान ई-रिक्शा में बैठी सवारियां डरकर मौके से भाग गईं। घटना के बाद दहशत में आया चालक सीधे अपने गांव चला गया और शुक्रवार को विजय नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सवारी बैठाते ही तीन बदमाशों ने घेरा
पुलिस के मुताबिक समनापुर निवासी मुकेश ठाकुर ई-रिक्शा क्रमांक एमपी 20 जेड क्यू 6580 चलाता है। उसने पुलिस को बताया कि 4 अगस्त की रात वह सब्जी लेकर डी मार्ट- गया था। वहां सब्जी उतारने के बाद करीब डेढ़ बजे वह खाली कैरियर लेकर वापस आया और तौसिब भाईजान की दुकान पर कैरियर जमा करने के बाद निकल गया।मुकेश के अनुसार कृषि उपज मंडी के सामने ट्रांसफार्मर के पास उसे दो सवारियां मिलीं। जैसे ही उसने उन्हें ई-रिक्शा में बैठाया, उसी दौरान तीन युवक बेल्ट लेकर वहां पहुंच गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।
‘हमारे इलाके में ऑटो क्यों चलाता है’….
आरोपियों ने चालक से कहा कि हमारे क्षेत्र में ऑटो क्यों चलाता है। इसके बाद उन्होंने मारपीट करते हुए ई-रिक्शा पलटा दिया। बदमाशों ने उसका मोबाइल छीनने का भी प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। अचानक हुए हमले से ई-रिक्शा में बैठी दोनों सवारियां घबरा गईं और मौके से भाग निकलीं।चालक किसी तरह बदमाशों के चंगुल से निकलकर भागा, लेकिन आरोपी उसका ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। घटना से बुरी तरह डरे चालक ने रात में थाने जाने के बजाय अपने गांव समनापुर पहुंचकर परिजनों को घटना बताई। इसके बाद शुक्रवार को विजय नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीसीटीवी से बदमाशों की तलाश….
विजय नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मंडी और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। पुलिस ई-रिक्शा के रूट और वारदात के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।