जबलपुर। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारियों के आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। आंदोलन के दौरान भूख हड़ताल पर बैठे पटवारियों से मिलने शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत पटवारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और ज्ञापन भी लिया।
पटवारियों ने पदोन्नति सहित अन्य लंबित मांगों के संबंध में नेता प्रतिपक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए सरकार के समक्ष उनका पक्ष मजबूती से रखने का आग्रह किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पटवारी धरना स्थल पर मौजूद रहे।
इस अवसर पर मीडिया से चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि पटवारी प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में राजस्व कार्यों के साथ-साथ शासन की विभिन्न योजनाओं और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी वही करते हैं। इसके बावजूद उनकी लंबे समय से लंबित मांगों का निराकरण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पटवारियों की मांगों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएगी और सरकार पर समाधान के लिए दबाव बनाएगी।
मध्य प्रदेश पटवारी संघ, जबलपुर के जिलाध्यक्ष जागेंद्र पिपरी ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष ने उनकी मांगों को न्यायोचित बताते हुए मुख्यमंत्री और राज्य शासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन और अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।