मेट्रो बस कर्मचारियों का प्रदर्शन, वेतन और पीएफ भुगतान में देरी पर सेवा ठप

जबलपुर। शहर की मेट्रो (चलो) बस सेवा से जुड़े ड्राइवरों, कंडक्टरों और अन्य कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी तथा भविष्य निधि (पीएफ) जमा नहीं किए जाने के विरोध में आगा चौक स्थित मेट्रो बस डिपो पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है और कई महीनों से पीएफ राशि भी खातों में जमा नहीं कराई गई है। उनका कहना है कि वेतन मांगने पर नौकरी से निकालने और ब्लैकलिस्ट करने की धमकियां दी जाती हैं।
प्रदर्शन के चलते बसों का संचालन प्रभावित रहा और डिपो से वाहन नहीं निकलने के कारण शहर की मेट्रो बस सेवा ठप हो गई। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, स्कूली छात्रों और कार्यालय जाने वालों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कर्मचारियों का कहना है कि 40 से 50 दिन के अंतराल में वेतन मिलने से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक बकाया वेतन और पीएफ का भुगतान नहीं किया जाता तथा समय पर वेतन देने की लिखित गारंटी नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।