जबलपुर मंडल ने माल डिब्बों के अनुरक्षण में बनाया नया रिकॉर्ड


जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल के सतना बीसीएन डिपो ने माल डिब्बों के अनुरक्षण एवं परीक्षण में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जुलाई 2026 में डिपो ने रिकॉर्ड 289 वैगनों का रूटीन ओवरहॉल (आरओएच) किया, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में औसत 240 वैगनों का ओवरहॉल हुआ है। इसी अवधि में 830 मालगाड़ियों (रैक्स) का परीक्षण किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.5 प्रतिशत अधिक है। वहीं, सतना आधारित सीसी रैक्स की संख्या 84 से बढ़कर 109 और प्रीमियम रैक्स के परीक्षण 99 से बढ़कर 219 हो गए हैं। रेलवे के अनुसार इन उपलब्धियों से माल परिवहन के लिए वैगनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित हुई है और जबलपुर मंडल की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।