जबलपुर। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से मऊ जा रही गोदान एक्सप्रेस में देर रात एक गर्भवती महिला यात्री की अचानक तबियत बिगड़ गई, जैसे ही रेल प्रशासन को इसकी जानकारी लगी, वैसे ही ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर रेल कर्मचारियों ने त्वरित उपचार मुहैया कराया और उसकी हालत देखते हुए महिला को तत्काल एल्गिन हास्पिटल पहुंचाकर भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेल मदद 139 के माध्यम से रेल प्रशासन को सूचना प्राप्त हुई कि लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) से गोरखपुर जा रही गोदान एक्सप्रेस के कोच एस-7 में यात्रा कर रही गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा हो रही है। उक्त सूचना मिलते ही जबलपुर स्टेशन प्रबंधन ने तत्काल रेलवे चिकित्सालय से संपर्क कर स्टेशन पर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की। जिसके चलते ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुँचते ही रेलवे की महिला चिकित्सक अपनी टीम, के साथ मौके पर पहुँचीं और ट्रेन के पहुंचते ही महिला यात्री का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण किया जिसके बाद महिला की स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने रेलवे एंबुलेंस की व्यवस्था कर महिला को सुरक्षित रूप से रानी दुर्गावती अस्पताल (एल्गिन हॉस्पिटल) भेजा, जहाँ उसका आगे का उपचार प्रारंभ कराया गया। महिला यात्री 26 वर्षीय रागिनी अपने पति एवं एक छोटे बच्चे के साथ लोकमान्य तिलक टर्मिनस से मऊ जंक्शन की यात्रा कर रही थीं। महिला के परिजनों ने जबलपुर रेल मंडल, रेलवे चिकित्सकीय टीम तथा रेल मदद 139 की त्वरित एवं मानवीय सहायता के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।