54 वर्ष पुरानी 20 ईएचवी लाइनों ने 1500 दिन तक बिना ब्रेकडाउन दी बिजली

जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की बैतूल जिले में स्थित 54 वर्ष पुरानी ट्रांसमिशन लाइनें आज भी उत्कृष्ट विश्वसनीयता के साथ संचालित हो रही हैं। वर्ष 1972 में ऊर्जीकृत इन लाइनों सहित जिले की 20 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज (ईएचवी) ट्रांसमिशन लाइनों ने पिछले लगभग 1500 दिनों से बिना किसी ब्रेकडाउन के निर्बाध विद्युत पारेषण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि बैतूल की इन 20 ट्रांसमिशन लाइनों के अलावा प्रदेशभर में एमपी ट्रांसको की 593 ईएचवी ट्रांसमिशन लाइनें पिछले चार वर्षों से बिना ब्रेकडाउन के सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय कंपनी के अभियंताओं, तकनीकी कर्मचारियों और मेंटेनेंस कार्यों में लगे आउटसोर्स कार्मिकों की तकनीकी दक्षता, सतर्कता और समर्पण को दिया।

विद्युत उत्पादन पर भी पड़ा सकारात्मक असर

सारणी क्षेत्र से जुड़ी इन ट्रांसमिशन लाइनों के निर्बाध संचालन का सीधा लाभ विद्युत उत्पादन को भी मिला। ट्रांसमिशन नेटवर्क में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने से सारणी विद्युत गृह से उत्पादित बिजली की निकासी लगातार सुचारु बनी रही, जिससे उत्पादन इकाइयों को किसी कटौती का सामना नहीं करना पड़ा।
इस उपलब्धि में इंटर-स्टेट 220 केवी सारणी-कलमेश्वर लाइन के साथ-साथ सारणी, बैतूल, मुलताई, आमला, छिंदवाड़ा, रेलवे ट्रैक्शन तथा पावर ग्रिड से जुड़ी विभिन्न 220 केवी और 132 केवी ट्रांसमिशन लाइनें शामिल हैं।