जबलपुर। मध्यप्रदेश में अब जबलपुर को भी मेट्रोपॉलिटन सिटी का दर्जा मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस कल्चरल एंड इन्फर्मेशन सेंटर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए यह बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इंदौर, भोपाल और उज्जैन के बाद अब जबलपुर को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उम्मीद है कि अगले एक साल के अंदर जबलपुर को यह दर्जा मिल जाएगा।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने जबलपुर प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत में जबलपुर के लिए कई नई सौगातों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इमारती लकड़ी और फर्नीचर के कारीगरों को बढ़ावा देने के लिए जबलपुर में फर्नीचर क्लस्टर बनाया जाएगा। इससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी जबलपुर को बड़ी सौगात मिली है। सीएम ने बताया कि मेडिकल यूनिवर्सिटी के कैंपस में प्रदेश का पहला “स्टेट लेवल मॉडल” मेडिकल सुविधा केंद्र एम्स की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जबलपुर के आसपास एक बड़े जू के निर्माण पर भी तेजी से काम चल रहा है।
नगर निगम के कामों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को लोन देकर स्वरोजगार से जोड़ा गया है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत शहर में 11 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। धोबी घाट से जुड़े 300 से अधिक व्यवसायियों को भी रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
धार्मिक भावनाओं पर टिप्पणी करते हुए सीएम ने इंदौर में हुई शिवलिंग तोड़फोड़ की घटना का जिक्र करते हुए कहा, हमारे राज्य की धरती पर कोई भी धर्म के आधार पर किसी का अपमान करेगा तो सरकार उसे किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेगी।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है, लेकिन किसी भी धर्म या आस्था का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बयान देता है तो कानून अपना काम करेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री का यह बयान इंदौर में एक मौलाना की कथित टिप्पणी से जुड़े सवाल के जवाब में आया।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, विधायक डॉ.अभिलाष पांडे, नीरज सिंह भी मौजूद रहे|