जबलपुर। मदनमहल थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके घर से 43 बोतल, 818 पाव अंग्रेजी और 387 पाव देशी शराब सहित कुल 1,248 पाव/बोतल शराब बरामद की है। साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 6,150 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमनपुर कालीमठ निवासी बंटू विश्वकर्मा उर्फ ज्ञानेश्वर विश्वकर्मा अपनी पत्नी रजनी विश्वकर्मा के साथ घर से अवैध शराब का कारोबार कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने देर रात दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही बंटू विश्वकर्मा छत के रास्ते भागने लगा, लेकिन बाद में उसे भी पकड़ लिया गया। वहीं उसकी पत्नी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और घर का दरवाजा नहीं खोला।तलाशी के दौरान घर के पोर्च, सीढ़ियों और कमरों से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी व देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से शराब बिक्री के नकद रुपये भी जब्त किए। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।पुलिस के अनुसार आरोपी बंटू विश्वकर्मा आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से सात आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।