ग्राम भर्रा में वृक्षारोपण, प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प

जबलपुर। मानसून के आगमन के साथ जिले में पौधारोपण अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में ग्राम भर्रा में किसान सेवा संगठन एवं भारत कृषक समाज के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्यों के नेतृत्व में ग्रामीणों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने हाथों में पौधे लेकर प्रकृति को हरा-भरा बनाने तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प भी लिया।अभियान के तहत तालाब की मेड़ पर विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली ही नहीं, बल्कि स्वच्छ वायु, पर्यावरण संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य का आधार हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाने के साथ-साथ उन्हें संरक्षित करने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक रामकिशन पटेल, ग्राम पंचायत झगरा-भर्रा के पंच नरेंद्र कोटवार, कृषि उपज मंडी के मंडी इंस्पेक्टर मुकेश पटेल, प्रगतिशील कृषक श्रीमती वंदना पटेल, सत्यम पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं प्रकृति प्रेमी शामिल हुए।
इस अवसर पर रामकिशन पटेल ने किसानों से अपील की कि वे वर्षा ऋतु में अपने खेतों की मेड़ों और खाली स्थानों पर नीम, जामुन तथा अन्य फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के अभियान को जनआंदोलन बनाएं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण से लोगों को शुद्ध वायु मिलेगी, पक्षियों को आश्रय और भोजन उपलब्ध होगा तथा प्रकृति का संतुलन भी मजबूत होगा।