जीसीएफ कार्य समिति चुनाव : विजय जुलूस निकला, मजदूर संघ और संयुक्त मोर्चा ने सभी 10 सीटे जीती


जबलपुर। गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) की कार्य समिति निर्वाचन-2026 में मजदूर संघ हथौड़ा-इंटक संयुक्त मोर्चा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सभी 10 सीटों पर कब्जा कर लिया। परिणाम घोषित होते ही फैक्ट्री परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। विजयी उम्मीदवारों और समर्थकों ने विजय जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
कार्य समिति चुनाव में राहुल गुप्ता (644 वोट), अमित रामकिशोर चंदेल (661), राजेन्द्र कुमार वर्मा (626), रोहित यादव (682), देवेन्द्र प्रताप सिंह भदौरिया (602), पार्थ ओझा (633), सिद्धार्थ ठाकुर (616), बीरबल सिंह (611), हिमांशु कुमार (599) और राजा पांडेय (625) विजयी घोषित किए गए। सबसे अधिक 682 मत प्राप्त कर रोहित यादव ने शानदार प्रदर्शन किया।
परिणाम सामने आते ही जीसीएफ परिसर में हथौड़ा-इंटक समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला। विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।
संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत श्रमिकों के विश्वास, एकजुटता और संगठन की श्रमिक हितैषी नीतियों की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्य समिति में कर्मचारियों के हितों, सुविधाओं, सुरक्षा और लंबित मांगों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा प्रबंधन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों ने संगठन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। इस ऐतिहासिक जीत को जीसीएफ के श्रमिक आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। विजय जुलूस में प्रत्याशियों के साथ शिव पांडे, मिठाई लाल रजक, विनय गुप्ता, संतराम रजक, उत्तम विश्वास, अमरीश सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, आदि मौजूद रहे|