जबलपुर। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था जल्द ही एक नए दौर में प्रवेश करने जा रही है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत जबलपुर को मिलने वाली इलेक्ट्रिक बसों का पहला जत्था शहर पहुंचना शुरू हो गया है। अब तक 8 आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें जबलपुर पहुंच चुकी हैं, जबकि इस माह के अंत तक इनकी संख्या बढ़कर 20 बसों तक पहुंचने की उम्मीद है।
नगर निगम ने इन बसों को 15 अगस्त से शहर की सड़कों पर उतारने की तैयारी कर ली है। पहले चरण में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन रेलवे स्टेशन–भेड़ाघाट, रेलवे स्टेशन–गौरीघाट, रेलवे स्टेशन–पनागर और आईएसबीटी–रांझी सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा। इससे यात्रियों को आरामदायक, प्रदूषणमुक्त और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत जबलपुर को तीन चरणों में 100 बसें प्राप्त होनी थीं और पहले चरण में 40, दूसरे चरण में 35 तथा तीसरे चरण में 25 बसें आनी थीं लेकिन पहले चरण में कटौती कर 40 की जगह सिर्फ 20 बसें भेजी जा रही हैं जिससे यह साफ जाहिर हो रहा है कि जितनी बसों का कोटा निर्धारित किया गया है, उतनी बसें तीन चरणों में नहीं आ पाएंगी।
जबलपुर सिटी बस सर्विस से जुडे जानकारों का दावा है कि जबलपुर के कोटे की सभी 100 बसें नवंबर से दिसंबर के बीच उपलब्ध करा दी जाएंगी लेकिन यह तभी संभव हो पाएगा जब हर माह 20 बसें उपलब्ध कराई जाएं |