जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने शनिवार को रांझी थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हवालात, मालखाना, जब्ती माल, आर्म्स एवं एम्युनिशन, राइट ड्रिल सामग्री और थाने में संधारित विभिन्न रजिस्टरों का बारीकी से निरीक्षण कर उनके रखरखाव एवं अद्यतन स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने में दर्ज अपराधों और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की शिकायतों का संतोषजनक और शीघ्र निराकरण करने पर भी जोर दिया।
एसपी ने साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध और मोबाइल गुम होने जैसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के कमजोर वर्गों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें शीघ्र राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू और थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा। निरीक्षण के अंत में एसपी ने थाना परिसर का भी जायजा लिया तथा अधिकारियों-कर्मचारियों से उनकी समस्याएं जानकर प्राथमिकता के आधार पर उनके निराकरण का भरोसा दिलाया।