जबलपुर। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ, जबलपुर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवीन कोठारी को ज्ञापन सौंपकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों का समय रहते समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में संघ ने मांग की है कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एएनएम एवं एमपीडब्ल्यू की वरिष्ठता सूची का तत्काल पुनरीक्षण किया जाए। सूची से मृत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के नाम हटाकर संशोधित वरिष्ठता सूची प्रकाशित की जाए, ताकि लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो सके।
इसके अलावा कर्मचारियों की सर्विस बुक एवं विभागीय सॉफ्टवेयर में दर्ज जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि और सेवानिवृत्ति तिथि का मिलान कर आवश्यक सुधार कराने तथा अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने की मांग भी उठाई गई।
संघ ने विक्टोरिया अस्पताल के लगातार विस्तार और लगभग 500 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में विकसित होने के मद्देनजर मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल परिसर में इंडियन कॉफी हाउस शुरू किए जाने का भी प्रस्ताव रखा।ज्ञापन सौंपने वालों में अटल उपाध्याय, देवेन्द्र पचौरी, आलोक अग्निहोत्री, ब्रजेश मिश्रा, परशुराम तिवारी, राजेन्द्र तेकाम, सतीश देशमुख, राम बिहारी पटेल, विशाल मसीह, मदन छपेल, पंकज जायसवाल, निशा तिवारी, अंकित चौरसिया, टोनी एम्बोस, प्रीतोष तारे, अमित गौतम, मधुर कपूर एवं मनीष अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।