संस्कारधानी में दिखा जगन्नाथ पुरी सा नजारा,फूलों से सजे रथ पर निकले जगत के नाथ जगन्नाथ


जबलपुर। भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा 16 जुलाई को जबलपुर संस्कारधानी में पूरी श्रद्धाभक्ति और आस्था के साथ निकाली गई। भगवान का रथ खींचने के लिये भक्तों में होड़ मची हुई थी। ‘जगन्नाथ के भात को जगत पसारे हाथ’ वाली कहावत कल चरितार्थ होती दिखी। रथयात्रा के दौरान भगवान के महाप्रसाद को पाने हजारों हाथ फैले नजर आए। वहीं हजारों हाथों ने रास्ते भर भगवान का रथ खींचकर अपना जीवन धन्य किया। जगन्नाथ पुरी सा नजारा शहर में दिखा। जगत के नाथ भगवान जगन्नाथ बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ फूलों के रथ पर विराजमान होकर भक्तों पर कृपा बरसाके अपनी मौसी के घर पहुंचे। पुराणिक कथाओं के मुताबिक स्वास्थ्य लाभ लेने कुछ दिन मौसी के घर गये थे तभी से यह परंपरा चली आ रही हैं। श्री जगदीश कर्मा माई ट्रस्ट घमण्डी चौक, श्री गणेश मंदिर जगदीश मंदिर न्यास गढ़ाफाटक, चौरसिया समाज जबलपुर, श्री जगदीश स्वामी मंदिर हनुमानताल और सिटी बंगाली क्लब के रथ अपने-अपने उदगम स्थल से प्रारंभ होकर बाजे-गाजे के साथ बड़े फुहारे पहुंचे, वहां से पांचों रथों की संयुक्त शोभायात्रा जब प्रारंभ हुई और श्रद्धालु भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। मार्ग के दोनों तरफ बड़ी संख्या में श्रद्दालु भक्तों की भीड़ कतारबद्ध होकर खड़ी रही, वहीं बड़ी संख्या में बच्चे, बूढ़े और जवान रथ खींच रहे थे। भगवान का भात पाने हजारों हाथ फैले हुए थे। रथयात्रा में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल थे। रथ यात्रा में विधायक अभिलाष पांडे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर भाजपा अध्यक्ष रत्नेशन सोनकर, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष रवि किरण साहू, पूर्व महापौर प्रभात साहू, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू, एमआईसी सदस्य रजनी कैलाश साहू, श्रीमति आभा साहू, विन्धेश भापकर, राकेश साहू, रवि भगत, पार्षद अयोध्या तिवारी, अमरीष मिश्रा, हर्षित यादव, सुधीर साहू, पूर्व पार्षद नंद कुमार यादव, भाजपा नेता राजेश द्विवेदी, साहू समाज की ओर से मुकेश साहू, चौधरी द्वारका प्रसाद, मेहते राजेन्द्र साहू, महेश साहू, हरीशचंद्र साहू, बद्रीप्रसाद साहू, राधेश्याम साहू, एडवोकेट राजकुमार साहू, पप्पी सहयोगी, राजेन्द्र साहू, पप्पू साहू, मनोहर साहू आदि शामिल थे। शोभायात्रा में श्री जगदीश मंदिर ट्रस्ट गढ़ाफाटक, चौरसिया समाज और बंग समाज के रथ भी शामिल हुये।

सिटी बंगाली क्लब की रथयात्रा….

बंग भाषियों की प्राचीन व प्रमुख संस्था सिद्धि बाला बोस लायब्रेरी ऐसोसिएशन (सिटी बंगाली क्लब) करमचंद चौक से 16 जुलाई को सायं 4 बजे जगन्नाथ रथ यात्रा प्रारंभ हुई। बंग भाषियों द्वारा एकमात्र निकाली जाने वाली रथ यात्रा मालवीय चौक, सुपर बाजार, लार्डगंज, घमंडी चौक, बड़ा फुहारा, अंधेरदेव, तुलाराम चौक होते हुये वापस सिटी बंगाली क्लब पहुंची। रथ यात्रा में सुब्रत पॉल, सुरेंद्र पाल संटू, प्रकाश शाह, तृष्णा चटर्जी, आदि शामिल थे| रथ पर भ्रमण करते मौसी के घर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र, सुभद्रा पहुंचे, जहां अगले 10 दिनों तक धार्मिक आयोजन होगें। प्रसाद के रुप में जलेबी और समोसा वितरित किए गए|

रथ खींचने में मची होड़………….

भगवान जगन्नाथ की कृपा पाने और पुर्नजन्म से मोक्ष पाने के लिये भगवान जगन्नाथ स्वामी के फूलों के रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ मची हुई थी। सभी रथों को खींचकर अपना जीवन धन्य कर रहे थे और चारों तरफ भगवान का प्रसाद पाने के लिये हाथ फैला रहे थे जगन्नाथ के भात को पाने के लिये हाथ पसारे थे। श्रद्धालुओं ने मालपुआ, जामुन, पान और श्रीफल, मीठे भात, मीठी बूंदी, और फल फूल का भोग लगाया।

बड़े फुहारे में की गई महाआरती…..

बड़े फुहारा के सामने प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 5 महा आरतियों से जगन्नाथ स्वामी की जगन्नाथपुरी की तर्ज पर महाआरती की गई।
रथ यात्रा का शुभारंभ संत स्वामी नरसिंहदास महाराज, ने स्वर्ण जड़ित झाडू से मार्ग साफ कर रथ यात्रा का शुभारंभ कराया| इस अवसर पर स्वामी पगलानंद, स्वामी रामजीशरण महाराज, चंद्रशेखरानंद, ज्योतिषाचार्य रोहित महाराज, नर्मदा महाआरती के संस्थापक एवं पंचकोषी नर्मदा परिक्रमा के संरक्षक डा. सुधीर अग्रवाल, शरद अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, मनोज नामदेव के नेतृत्व मे बड़े फुहारे पर महाआरती में उपस्थित होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन कर आरती की।