रन फॉर साइबर सेफ्टी’ में उमड़ा जन सैलाब

जबलपुर। डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस के ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत जबलपुर पुलिस ने बुधवार को ‘रन फॉर साइबर सेफ्टी’ मैराथन का आयोजन किया। पुलिस परेड ग्राउंड से शुरू हुई इस मैराथन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा, खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाकर किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऑनलाइन लेन-देन करते समय सावधानी बरतें, अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी और निजी दस्तावेज किसी के साथ साझा न करें।मैराथन पुलिस परेड ग्राउंड से शुरू होकर अंबेडकर चौक, हाईकोर्ट चौक, घंटाघर, तैयब अली चौक और पर्यटन तिराहा होते हुए वापस पुलिस परेड ग्राउंड पहुंची। इसमें करीब 600 से 700 नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कहा कि ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के माध्यम से पुलिस लगातार लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, निवेश धोखाधड़ी, केवाईसी फ्रॉड और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे अपराधों से बचने के उपाय बता रही है। पुलिस टीमें स्कूल, कॉलेज, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं।मैराथन के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रही।जबलपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक, एपीके फाइल या अधिक लाभ वाले निवेश प्रस्ताव पर बिना जांच भरोसा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।