परियट जलाशय में बढ़ा जलस्तर,रांझी-गोकलपुर को नियमित जलापूर्ति की बढ़ी उम्मीद

जबलपुर। जुलाई की शुरुआत में हुई बारिश ने शहर के पेयजल संकट को काफी हद तक  राहत दी है। परियट जलाशय का जलस्तर बढ़कर करीब 5 फीट पहुंचने से रांझी, गोकलपुर और आसपास के इलाकों में जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार के संकेत मिले हैं। हालांकि अभी भी कई क्षेत्रों में एक समय ही पानी की सप्लाई की जा रही है। नगर निगम और जल विभाग को उम्मीद है कि यदि आगामी दिनों में अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रहा तो जलापूर्ति को दो समय तक बढ़ाया जा सकेगा।

मानसून की देरी के कारण जून में परियट जलाशय लगभग सूखने की स्थिति में पहुंच गया था। हालात इतने गंभीर हो गए थे कि रांझी और गोकलपुर क्षेत्र में दो से तीन दिन तक पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित रही। इसके बाद कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव के निर्देश पर जलाशय में जमा सिल्ट हटाने का अभियान चलाया गया, जिससे पंपों तक पानी पहुंचना शुरू हुआ और जलापूर्ति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी।

सिल्ट हटने से सुधरी व्यवस्था

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जलाशय के सामने जमा गाद हटने के बाद अब पंपिंग सुचारु रूप से हो रही है। वर्तमान में कई क्षेत्रों में एक समय जलापूर्ति की जा रही है। यदि बारिश लगातार होती रही और जलस्तर में और वृद्धि हुई तो जल्द ही दो समय पानी की सप्लाई बहाल करने पर निर्णय लिया जा सकता है।

बरगी बांध में भी बढ़ा जलस्तर

परियट के साथ-साथ बरगी बांध में भी जलस्तर बढ़कर 408.10 मीटर तक पहुंच गया है। गर्मी के दिनों में जब बरगी नहर की जलापूर्ति बंद रहती है, तब परियट जलाशय ही रांझी और गोकलपुर क्षेत्र के लिए प्रमुख पेयजल स्रोत होता है। ऐसे में दोनों जलाशयों में बढ़ते जलस्तर ने लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

अच्छी बारिश पर टिकी राहत

मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में जोरदार वर्षा की संभावना जताई गई है। यदि पूर्वानुमान के अनुरूप अच्छी बारिश होती है तो परियट और बरगी दोनों जलाशयों में पर्याप्त जलभराव होगा, जिससे शहर के इन क्षेत्रों में पेयजल संकट पूरी तरह टल सकता है। फिलहाल नागरिकों और प्रशासन दोनों की निगाहें मानसून की अगली बारिश पर टिकी हैं।