जबलपुर। रविवार को माढ़ोताल थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रभात नगर निवासी एक युवक ने थाने के सामने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।जानकारी के अनुसार युवक की पहचान गंगाराम, निवासी प्रभात नगर, माढ़ोताल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक किसी पुराने मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से लंबे समय से असंतुष्ट और मानसिक रूप से परेशान था। इसी नाराजगी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
आग लगाने के प्रयास में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल बचाया और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि की जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक ने पेट्रोल कहां से प्राप्त किया।फिलहाल पुलिस का कहना है कि युवक के बयान और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।