जबलपुर। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शनिवार रात शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। रात 9 बजे से रविवार तड़के 2 बजे तक चले इस विशेष अभियान में पुलिस ने कई वर्षों से फरार आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए 251 वारंट तामील किए।
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिलेभर में दबिश देकर 127 गैर मियादी वारंट, 86 गिरफ्तारी वारंट और 38 जमानती वारंट तामील किए। लंबे समय से पुलिस और न्यायालय से बच रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें शहर और ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
कांबिंग गश्त के दौरान गुंडे-बदमाशों की गतिविधियों की निगरानी की गई। देर रात घूमने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई, वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में भी सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उनका कहना है कि जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना और कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्षों से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।