जबलपुर। जबलपुर एवं महाकौशल क्षेत्र की वायु सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की मांग को लेकर जबलपुर संघर्ष समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जबलपुर की वर्तमान वायु सेवाओं की स्थिति, यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं तथा क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक एवं पर्यटन विकास की दृष्टि से वायु संपर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की।
समिति के अरुण पवार, गीता शरत तिवारी, प्रीति चौधरी, मनु तिवारी, अंजना तिवारी, पी एस राजपूत ने ज्ञापन में यह भी मांग की कि जबलपुर को पुणे, अहमदाबाद, कोलकाता, चेन्नई सहित देश के अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक शहरों से सीधी विमान सेवाओं के माध्यम से जोड़ा जाए। राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे जबलपुर एवं महाकौशल क्षेत्र के हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय को संबंधित मंत्रालय एवं अधिकारियों के समक्ष प्रभावी रूप से उठाएंगी।