नमकीन फैक्ट्री की लिफ्ट गिरने से महिला श्रमिक की मौत, रिछाई में हादसा, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल


जबलपुर। रिछाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित अनमोल नमकीन फैक्टरी में शुक्रवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में एक महिला श्रमिक की मालवाहक लिफ्ट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी श्रमिकों ने महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद फैक्टरी प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है। श्रमिकों का आरोप है कि घटना के समय फैक्टरी में प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था और हादसे के करीब एक घंटे बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे महिला श्रमिक मालती केवट मालवाहक लिफ्ट के पास नमकीन के पैकेट समेट रही थी। इसी दौरान ऊपर लगी भारी मालवाहक लिफ्ट अचानक नीचे आ गिरी और वह उसकी चपेट में आ गई। लिफ्ट के नीचे दबने से मालती गंभीर रूप से घायल हो गई। साथी श्रमिक तत्काल उसकी ओर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट को उठाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शी श्रमिक राम यादव ने बताया कि तेज आवाज सुनते ही आसपास काम कर रहे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और महिला को बचाने का प्रयास किया। हादसा इतना भीषण था कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मालवाहक लिफ्ट को संभालने वाली लोहे की रस्सी टूटने से यह हादसा हुआ। श्रमिकों का कहना है कि रस्सी काफी समय से कमजोर हो चुकी थी और इसकी जानकारी कई बार फैक्टरी प्रबंधन को दी गई थी, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। यदि समय रहते मरम्मत या बदलाव कराया जाता तो यह हादसा टल सकता था।
कुछ कर्मचारियों ने बताया कि घटना के समय महिला लिफ्ट के आसपास सफाई कर रही थी। वहीं अन्य श्रमिकों का कहना है कि वह नमकीन के पैकेट समेट रही थी। पुलिस दोनों पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है।
हादसे के बाद फैक्टरी प्रबंधन की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय फैक्टरी में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। सूचना देने के बावजूद प्रबंधन के जिम्मेदार लोग करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे। इस दौरान घायल महिला को निकालने और स्थिति संभालने की पूरी जिम्मेदारी श्रमिकों पर ही रही।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हादसे ने औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और फैक्टरी प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लापरवाही की आशंका…………

प्रारंभिक जांच में लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही की बात सामने आ रही है। स्थानीय श्रमिकों का आरोप है कि लिफ्ट काफी पुरानी थी और कई बार इसकी शिकायत प्रबंधन से की गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फैक्ट्री प्रबंधन और लिफ्ट मेंटेनेंस कंपनी के खिलाफ जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

श्रम विभाग भी करेगा जांच………..

घटना की गंभीरता को देखते हुए श्रम विभाग की टीम भी जांच करेगी। यह देखा जाएगा कि कारखाने में सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था या नहीं। साथ ही यह भी जांच होगी कि लिफ्ट का समय पर निरीक्षण और रखरखाव कराया गया था या नहीं।