चलती ट्रेन से गिरा यात्री, रेलवे की तत्परता से बची जान


जबलपुर। दानापुर से बेंगलुरु जा रही 12296 संघमित्रा एक्सप्रेस से मैहर स्टेशन से रवाना होने के बाद अमदरा स्टेशन के समीप एक यात्री चलती ट्रेन के गेट पर बैठा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही अमदरा स्टेशन मास्टर ने कटनी के उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) सुरजीत आचार्य को जानकारी दी। उनके निर्देश पर रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायल यात्री को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और 108 एम्बुलेंस की मदद से कटनी जिला चिकित्सालय भेजा, जहां उसका उपचार जारी है।
पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान ट्रेन के गेट पर बैठकर या खड़े होकर सफर न करें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें।