जबलपुर। कटंगी क्षेत्र के किसानों के करीब 1.5 करोड़ रुपये के कथित बकाया भुगतान का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष एवं बरगी के पूर्व विधायक संजय यादव के नेतृत्व में अतिरिक्त कलेक्टर नीता राठौर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा किसानों का बकाया भुगतान जल्द कराने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के प्रवक्ता विवेक यादव ने बताया कि कटंगी क्षेत्र के करीब 60 किसानों से गेहूं और चना खरीदने के बाद संबंधित व्यापारियों ने लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया। किसानों का आरोप है कि भुगतान के लिए दिए गए चेक बाउंस हो गए और उन्हें लगातार आश्वासन देकर टालने का प्रयास किया जाता रहा।
ज्ञापन में किसानों ने पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय किसानों पर ही दबाव बनाने का प्रयास किया गया। वहीं, हाल ही में सामने आई एक कथित गोलीकांड की घटना को भी किसानों ने सुनियोजित साजिश बताते हुए उसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पूर्व विधायक संजय यादव ने कहा कि किसानों की मेहनत की कमाई का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और किसानों का बकाया भुगतान जल्द सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कटंगी ब्लॉक अध्यक्ष नेक नारायण सिंह, ग्रामीण सेवा दल अध्यक्ष शिव नामदेव, विवेक यादव सहित बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।