जबलपुर। मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं जबलपुर के विकास पुरुष के रूप में पहचान रखने वाले स्वर्गीय दादा ईश्वरदास रोहाणी की 80वीं जयंती के अवसर पर दादा रोहाणी सेवा समिति द्वारा 28 जून से 1 जुलाई तक चार दिवसीय सामाजिक, स्वास्थ्य, खेल एवं जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रमों की शुरुआत रविवार 28 जून को सुबह 6 बजे शिवाजी ग्राउंड, सदर से “दादा लीजेंडरी रन उत्सव-2026” के साथ होगी। फिट इंडिया और नशामुक्ति का संदेश देने वाली यह रन सदर मेन रोड, भारत माता चौक, सृजन चौक और माल रोड होते हुए पुनः शिवाजी ग्राउंड पहुंचेगी।
29 जून को पीएम श्री महाकौशल महाविद्यालय, सिविल लाइंस में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर एवं रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रक्तदान शिविर में मेडिकल कॉलेज, विक्टोरिया अस्पताल और रानी दुर्गावती चिकित्सालय के सहयोग से रक्त संग्रह किया जाएगा। वहीं रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।
30 जून को सुबह 6 बजे अंपायर चौक स्थित दादा ईश्वरदास रोहाणी पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी, जिसमें जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और नागरिक दादा रोहाणी को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
चार दिवसीय कार्यक्रम का समापन 1 जुलाई को राइट टाउन स्थित मानस भवन में आयोजित “गौरव शिखर सम्मान समारोह” के साथ होगा। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, खेल, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।