कार में गांजा लेकर जा रहे दो युवक गिरफ्तार, 5 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त

जबलपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और थाना रांझी पुलिस की संयुक्त टीम ने दो युवकों को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 131 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत 2 लाख 56 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही सियाज कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस की संयुक्त टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रांझी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही सियाज कार क्रमांक एमपी 09 बीजेड 5227 को रोककर तलाशी ली गई। कार में चालक बालकिशन नागवंशी (36), निवासी ग्राम बीजनवाड़ा पिपरिया, जिला नर्मदापुरम के अलावा पीछे की सीट पर दो युवक बैठे मिले। उनके पास एक-एक बैग था। संदेह होने पर पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो मनीष कुमार रजक (25), निवासी कुदवारी, गोहलपुर के बैग से गांजे के दो पैकेट और आनंद श्रीवास (24), निवासी अमखेरा, गोहलपुर के बैग से गांजे के तीन पैकेट बरामद हुए।पूछताछ में कार चालक बालकिशन ने बताया कि वह 31 अक्टूबर को पचमढ़ी से चार सवारियां लेकर निकला था। भेड़ाघाट, कान्हा-किसली स्थित जंगल रिसोर्ट होते हुए अमरकंटक पहुंचकर उसने सवारियों को होटल में छोड़ा था। वापस पिपरिया लौटते समय डिंडौरी में दोनों युवक बैग लेकर मिले। उन्होंने बस छूट जाने और जबलपुर जाने की बात कहकर उससे लिफ्ट मांगी थी। इसके बदले 500 रुपये देने की बात भी कही थी।पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों के कब्जे से कुल 5 किलो 131 ग्राम गांजा, एक रियलमी मोबाइल और गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।