त्योहार से पहले लुटेरों का आतंक, घमापुर में सोने की चेन सिविल लाइन में मोबाइल लूटा

जबलपुर। दीपावली के त्योहार से पहले शहर में लुटेरे सक्रिय हो गए हैं। बदमाश भीड़भाड़ और सुनसान रास्तों का फायदा उठाकर लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। घमापुर में तीन बदमाशों ने एक अधेड़ व्यक्ति को धक्का देकर गिराया और उसके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। वहीं सिविल लाइन में बाइक सवार दो बदमाशों ने प्रधान डाकघर के कर्मचारी का एप्पल मोबाइल फोन छीन लिया। दोनों घटनाओं में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पूर्वी करिया पाथर, बाई का बगीचा घमापुर निवासी 52 वर्षीय प्रभाकर गायकवाड़ निजी काम करते हैं। बीती रात करीब 9:45 बजे वे काम से पैदल घर लौट रहे थे। जब वे कल्लू साहू के घर के सामने से गुजर रहे थे, तभी तीन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। प्रभाकर संभल पाते, इससे पहले ही एक बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद तीनों बदमाश भाग निकले। प्रभाकर ने शोर मचाते हुए उनका पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। शिकायत पर घमापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।इसी तरह दूसरी वारदात सिविल लाइन क्षेत्र में हुई। प्रेस्टिज अपार्टमेंट, साउथ सिविल लाइन निवासी 27 वर्षीय प्रशांत जांगड़ा प्रधान डाकघर जबलपुर में डाक सहायक के पद पर कार्यरत हैं। बीती शाम करीब 7 बजे वे घर से पैदल इलाहाबाद बैंक चौराहे की ओर जा रहे थे। सिविल लाइन गेट के सामने मुख्य सड़क पर पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने चलती बाइक से ही प्रशांत के दाहिने हाथ पर झपट्टा मारकर उनका एप्पल मोबाइल छीन लिया और साथी के साथ फरार हो गया। सिविल लाइन पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर बाइक सवार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।