महिला डॉक्टर के घर का सीसीटीव्ही कैमरा हैक


जबलपुर। महिला घर की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे ही यदि आपकी निजता के लिए खतरा बन जाएं तो यह गंभीर चिंता का विषय है। जबलपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां शहर की एक प्रसिद्ध गायनाकोलॉजिस्ट के घर लगे सीसीटीवी कैमरे कथित रूप से हैक कर लिए गए। कैमरों से अज्ञात व्यक्ति की आवाजें सुनाई देने, धमकाने और अभद्र टिप्पणियां करने की शिकायत के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
आदर्श नगर निवासी डॉ. प्राची सक्सेना ने बताया कि क्लीनिक से घर लौटने पर उन्हें लिविंग एरिया में लगी सीसीटीवी यूनिट से आवाजें सुनाई दीं। पहले उन्हें लगा कि घर में कोई मोबाइल पर बात कर रहा है, लेकिन बाद में पता चला कि आवाजें कैमरे से आ रही हैं। उन्होंने मोबाइल से घटना रिकॉर्ड करने का प्रयास किया, लेकिन रिकॉर्डिंग शुरू होते ही आवाजें बंद हो जाती थीं और बाद में फिर सुनाई देने लगती थीं। कैमरे के माध्यम से उन्हें धमकाने और अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का भी आरोप है। इसके बाद उन्होंने कैमरे को ढंक दिया और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।

5 साल से नहीं बदला गया था पासवर्ड…………..

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे करीब पांच वर्ष पुराने हैं और उनका पासवर्ड लंबे समय से नहीं बदला गया था। साइबर सेल के अनुसार, इसी कारण कैमरे हैक होने की आशंका है। कैमरा सर्विस प्रोवाइडर से पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरों का पासवर्ड नियमित रूप से, लगभग हर दो महीने में बदलना चाहिए।

विशेषज्ञों की सलाह………..

साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि इंटरनेट से जुड़े सीसीटीवी कैमरों का मजबूत पासवर्ड रखें, समय-समय पर उसे बदलते रहें, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन उपलब्ध हो तो उसे सक्रिय करें और कैमरे के सॉफ्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट करते रहें। छोटी-सी लापरवाही आपकी निजता और सुरक्षा दोनों के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।