जनरेटिंग कंपनी ने फोर्टिस हेल्थकेयर को कैशलेस योजना में किया शामिल


जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड अपने कार्मिकों, पेंशनर्स एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर नई एवं लाभकारी पहले कर रही है। इसी क्रम में कंपनी ने देश के स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं में से एक फोर्टिस हेल्थकेयर को अपनी “कैशलेस स्वास्थ्य योजना” के अंतर्गत नेटवर्क अस्पताल के रूप में सूचीबद्ध किया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से कंपनी की इस योजना में पंजीकृत कार्मिक, पेंशनर्स एवं उनके आश्रित अब देशभर के 21 फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पतालों में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इनमें नई दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, मोहाली, चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, जयपुर सहित अन्य प्रमुख शहरों के अस्पताल शामिल हैं। इन अस्पतालों में उपचार हेतु भर्ती होने पर कंपनी के पात्र हितग्राहियों को सीजीएचएस दरों पर मात्र 20 प्रतिशत सह-भुगतान के साथ कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। वहीं, फोर्टिस अस्पताल भोपाल में पात्र कार्मिक, पेंशनर्स एवं उनके आश्रितों को 100 प्रतिशत कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध रहेगी।