अच्छे मानसून और जनकल्याण की कामना से आचार्यों ने किया वरुण पर्जन्य पूजन

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में उत्तम मानसून, समय पर वर्षा तथा राष्ट्र एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर नगर पंडित सभा के तत्वावधान में भव्य वरुण पर्जन्य पूजन एवं वैदिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। चेरीताल स्थित सरस्वती कॉलोनी के दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर वर्षा देवता से जनकल्याण एवं खुशहाली की प्रार्थना कीकार्यक्रम में विद्वान आचार्यों ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है तथा कृषि, पर्यावरण और मानव जीवन की समृद्धि के लिए समय पर और पर्याप्त वर्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति और देव शक्तियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की परंपरा रही है। वर्षा के अभाव में जनजीवन, खेती-किसानी और पशुधन प्रभावित होता है, इसलिए अच्छे मानसून और अमृत तुल्य वर्षा की कामना से यह विशेष वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
पूजन कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीनाथजी, नवग्रह देवता, श्री गणेश एवं मां नर्मदा का विधि-विधान से अभिषेक, षोडशोपचार पूजन एवं अर्चन किया गया। साथ ही अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राष्ट्र की उन्नति, प्रदेश की खुशहाली, पर्यावरण संतुलन और जनकल्याण की कामना की गई।
यह धार्मिक अनुष्ठान आचार्य श्री वासुदेव शास्त्री, पंडित रमेश दुबे, पंडित अखिलेश शास्त्री, पंडित संतोष शास्त्री, पंडित अशोक पाण्डेय, पंडित आशुतोष दीक्षित एवं पंडित राजीव दुबे के आचार्यत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन एवं पार्षद प्रतिभा विध्येश भापकर यजमान के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन कर क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर नगर पंडित सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक अनुष्ठान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा लोगों को प्रकृति संरक्षण एवं सामाजिक एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान भी किया।कार्यक्रम में नरेंद्र साहू, राजेश शर्मा, देवेंद्र नेमा, प्रशांत गुप्ता, रघुराज सिंह ठाकुर, नवीन नेमा, महेंद्र सिंह रघुवंशी, बल्लू पटेल, सुनील ताम्रकार, आशु रजक, विध्येश भापकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे। पूजन उपरांत प्रसाद वितरण किया गया तथा क्षेत्र में उत्तम वर्षा और समृद्धि की मंगलकामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।