जबलपुर, मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी (MPPGCL) के श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना (SSTPP) दोंगलिया ने फ्लाई ऐश के उपयोग एवं पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना में गत दिवस एक ही दिन में कुल 284 बल्करों के माध्यम से लगभग 11721 मीट्रिक टन फ्लाई ऐश का परिवहन कर अब तक सर्वाधिक फ्लाई ऐश परिवहन करने का रिकार्ड बनाया गया। इनमें 114 बल्कर परियोजना के विद्युत गृह क्रमांक एक से और 170 बल्कर विद्युत गृह क्रमांक दो से लोड कर निस्तारित किए गए। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना द्वारा 30 मार्च 2025 को 236 बल्करों के माध्यम से 9429 मीट्रिक टन फ्लाई ऐश परिवहन का रिकॉर्ड स्थापित किया गया था। उस दौरान विद्युत गृह क्रमांक 1 से 132 बल्कर व विद्युत गृह क्रमांक 2 से 104 बल्कर लोड किए गए थे। इस नवीन उपलब्धि ने न केवल इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, बल्कि फ्लाई ऐश प्रबंधन एवं निस्तारण के क्षेत्र में परियोजना की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता को भी दर्शाया है।मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने एक ही दिन में 11721 मीट्रिक टन फ्लाई ऐश का रिकार्ड परिवहन करने के लिए श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना के मुख्य अभियंता आरके साहू, अभियंताओं व कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि टीम वर्क, समर्पण व सतत् प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि फ्लाई ऐश का वैज्ञानिक एवं प्रभावी उपयोग पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और परियोजना इस क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही है। यह उपलब्धि परियोजना संचालन की दक्षता और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व का भी प्रमाण है।