आसान नहीं नरेन्द्र जैन जैसा बनना

(जन्म दिवस 10 जून)कुछ तो खास है भाई नरेन्द्र जैन में वर्ना क्यों उनके मित्रों और हितैषियों की संख्या हम सबसे ज्यादा होती? वे ‘यारों के यार हैं’ शायद इसलिए ही उनके जन्म दिवस 10 जून के पहले 8 जून को ‘नेशनल बेस्ट फ्रेंड्स डे’ मनाया जाता है। किसी के हृदय में ‘बेस्ट फ्रेंड’ के सिंहासन पर आसीन होने के लिए जैसे स्नेह, विश्वास और समर्पण की जरूरत होती है, जैसे आचरण की जरुरत होती है उस पर खरा उतरना आसान काम नहीं है। लोभ, लालच, स्वार्थ से परे अपने महत्वपूर्ण कार्यों को छोड़ कर जो अपने मित्र की तकलीफ में उसके साथ खड़ा रह सके, उसका उचित दिशा दर्शन कर सके, उसका हाँथ पकड़ कर उसे मुसीबत से निकाल सके वास्तव में वही सच्चा मित्र होता है और ये सब गुण मैंने अपने छोटे भाई नरेन्द्र में बचपन से ही देखे हैं। मैं यह विश्वास पूर्वक कह सकता हूँ कि किसी के विश्वास को न तोड़ना उनका जन्मजात गुण है। यदि नरेन्द्र ने कोई वादा कर दिया है तो यह माना जाता है कि वह हर हाल में पूरा होगा। सदा मित्रों की प्रशंसा करते रहने वाले नरेन्द्र भाई का अपने मित्रों पर नजरिया मुझे कुछ इस तरह का समझ में आता है- दुनियादारी में हम थोड़े कच्चे हैं, पर दोस्ती के मामले में सच्चे हैं। असल बात तो यह है कि-हमारे दोस्त हमसे भी अच्छे हैं।
शासकीय कलानिकेतन पालीटेक्निक महाविद्यालय , जबलपुर में वे छात्र-छात्राओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में पूरी तरह समर्पित रहे। विद्यार्थियों के बीच उनकी लोकप्रियता का कारण भी उनका समर्पण, विनोदी और स्नेहिल स्वभाव ही है। सेवा भावना और नवोदित प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन देकर उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचाने की भावना ने नरेन्द्र भाई को साहित्यक, सांस्कृतिक और सामाजिक संस्थाओं से जोड़ा।
  आपने छात्र जीवन में नगर में हुई दूध मूल्य वृद्धि के विरोध में 1984 में 10 दिन तक आमरण अनशन कर मूल्य वृद्धि वापिस कराई। तकनीकी छात्रों को पी.ई.टी. में आरक्षण दिलवाया। शहपुरा भिटौनी में स्थापित गैस फिलिंग प्लांट एवं नगर में दूरदर्शन हेतु पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी को ज्ञापन सौंपकर स्थापना कराने का सफल प्रयास किया। उच्च न्यायालय के विखण्डन के विरोध में गिरफ्तारी देने वाले आप एक मात्र आंदोलनकारी थे। विक्टोरिया एवं एल्गिन हॉस्पिटल  का नाम सेठ गोविंददास एवं रानी दुर्गावती चिकित्सालय कराया| राज्यसभा सदस्या आदरणीया श्रीमती रत्नकुमारी देवी के माध्यम से शासकीय महिला पालीटेक्निक खुलवाया | नगर में सामाजित एवं सेवा कार्यों की कड़ी में गठित समाज कल्याण परिषद के महामंत्री के रुप में “बची दवाओं का संग्रह कर स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से बांटना, गंदी बस्तियों में साफ-सफाई एवं मलेरिया उन्मूलन जैसे आपके सेवाभावी स्वभाव को दर्शाते है।
वे गुंजन कला सदन मध्यप्रदेश सहित अनेक संस्थाओं में सक्रिय हैं। मित्रों के आग्रह पर उन्होंने समाज सेवा की भावना से लायंस क्लब में प्रवेश किया और अपनी कर्मठता-सौजन्यता के कारण 2018-19 के लिए वे ‘द इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स डिस्ट्रिक्ट 3233 सी’ के गवर्नर पद हेतु चुने गए। चुनाव में महाकौशल, विंध्य, बुंदेलखंड एवं छत्तीसगढ़ के लगभग 140 लायंस क्लबों के सदस्यों ने भाग लिया था जहाँ जबलपुर के भाई नरेन्द्र जैन को गवर्नर पद पर आसीन होने का गौरव प्राप्त हुआ।
*सामाजिक दायित्व के रुप में आप*
गुंजन कला सदन म.प्र. में प्रांतीय महामंत्री, सरंक्षक श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर  समिति शिवनगर, पूर्व  महामंत्री अपाक्स संगठन, पूर्व अध्यक्ष जैन अल्पसंख्यक संगठन, महामंत्री कन्जूमर्स एसोसियेशन ऑफ म.प्र., पूर्व अध्यक्ष शासकीय कला निकेतन महाविद्यालय छात्र परिषद (दो बार) पूर्व सचिव शासकीय कला निकेतन महाविद्यालय,पूर्व अध्यक्ष म.प्र. तकनीकी छात्र परिषद, पूर्व उपाध्यक्ष जैन नवयुवक सभा, पूर्व सदस्य श्री दिगम्बर जैन पंचायत सभा, पूर्व अध्यक्ष एवं महामंत्री जैन नवयुग समिति, पूर्व उपाध्यक्ष जिला क्षय संघ, पूर्व प्रेस प्रवक्ता -पंच गजरथ महोत्सव नंदीश्वर द्वीप एवं नेताजी सुभाष मंच एवं पूर्व संयोजक एकता परिषद, जबलपुर रहे हैं।
आप अपना आदर्श आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज को मानते है। आनंद और मदर इंडिया जैसी सन्देश प्रधान फिल्मों को पसंद करने वाले नरेन्द्र भाई धर्म और आध्यात्म पर रचित विशिष्ट पुस्तकें पढ़ना पसंद करते हैं और सभी धर्मों का समान आदर करते हैं। आपने अभी तक 42 बार रक्तदान किया ।  सादगी और ‘बहुजन हिताय-बहुजन सुखाय’ की भावना को अपने हृदय व आचरण में उतारने वाले भाई नरेन्द्र जैन को सभी मित्रों, संस्थाओं की और से स्वस्थ, यशस्वी, दीर्घायु जीवन के लिए बहुत बहुत

शुभकामनायें। – प्रतुल श्रीवास्तव