जबलपुर, । जिला अस्पताल जबलपुर में आज स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीज सुविधाओं एवं निर्माणाधीन नवीन अस्पताल भवन की प्रगति का उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मध्यप्रदेश शासन के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं आयुक्त, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा कलेक्टर जबलपुर ने संयुक्त रूप से अस्पताल परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने सबसे पहले निर्माणाधीन नवीन अस्पताल भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान निर्माण एजेंसी, ठेकेदार एवं संबंधित अभियंताओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन करते हुए निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने भवन निर्माण में सुरक्षा मानकों, तकनीकी गुणवत्ता तथा दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
इसके पश्चात जिला अस्पताल की ओपीडी पंजीयन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि उपचार हेतु आने वाले प्रत्येक मरीज की आभा (ABHA) आईडी अनिवार्य रूप से बनाई जाए, जिससे नागरिकों को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत उपलब्ध डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
निरीक्षण दल ने अस्पताल परिसर के विभिन्न ओपीडी कक्षों का भ्रमण कर मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों के बैठने की सुविधा, उपचार सेवाओं की उपलब्धता तथा रोगी-अनुकूल वातावरण पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
अधिकारियों ने अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी प्रयोगशाला, पैथोलॉजी विभाग एवं जिला औषधि भंडार (डिस्ट्रिक्ट स्टोर) का भी निरीक्षण किया। दवाओं के भंडारण, रख-रखाव एवं उपलब्धता संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया तथा औषधियों के वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग एवं बेहतर रख-रखाव की भी सराहना की गई।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य आयुक्त एवं कलेक्टर जबलपुर ने जिला अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर विकास एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. भरत कुमार खटीक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी, पैथोलॉजिस्ट डॉ. अमिता जैन, ब्लड बैंक नोडल अधिकारी डॉ. अमितोज भल्ला, उप संचालक डॉ. एकांश राय, अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. संजय जैन, आरएमएनसीएचओ समन्वयक निहार दीवान सहित जिला अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के समापन पर अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं में सतत सुधार, मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए।