जबलपुर। मध्यप्रदेश के महाकौशल एवं विंध्य क्षेत्र के तीर्थ यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन लिमिटेड (आई.आर.सी.टी.सी.) द्वारा भारत गौरव डीलक्स एसी ट्रैन 12 जून 2026 को इंदौर शहर से “पशुपतिनाथ (नेपाल) दर्शन यात्रा” के लिए रवाना होगी। यह ट्रैन इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी एवं सतना रेल्वे स्टेशनों से होते हुए जाएगी, जहाँ से यात्री इस ट्रैन पर सवार हो सकेंगे। 09 रातें/10 दिनों की इस यात्रा में चितवन राष्ट्रीय उद्यान, पोखरा एवं काठमांडू के दर्शनीय एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जायेगा।
आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक नरोत्तम नामदेव, सादिख खान ने बताया कि भारत गौरव डीलक्स एसी ट्रेन के विशेष रेक में आरामदायक रेल यात्रा, ऑन-बोर्ड और ऑफ-बोर्ड भोजन, (भोजन ट्रेन के रेस्टोरेंट में परोसा जाएगा), सड़क परिवहन हेतु गुणवत्तायुक्त एसी बसों में दर्शनीय स्थलों की यात्रा, यात्रा कार्यक्रम के अनुसार आवास की व्यवस्था, यात्रा में टूर एस्कॉर्ट्स, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा और हाउसकीपिंग की सेवा शामिल है।