रील बनाने के चक्कर में बच्चियां नहर में डूबी, 2 की लाश मिली, 1 लापता


जबलपुर। बरगी थाना अतंर्गत सालीवाड़ा स्थित नहर के किनारे गुरुवार की पूर्वान्ह 11 बजे नहर में नहाने गई एक ही परिवार की तीन नाबालिग बच्चियां रील बनाने के चक्कर में तेज बहाव में बह गई| इसके बाद एक लड़की तैर कर बहार आ गई, जबकि दो बच्चियों की लाश घटनास्थल से करीब 1 किमी दूर मिली| एक बच्ची अभी भी लापता है| एनडीआरएफ की टीम द्वारा रेस्क्यू किया जा रहा है| बताया जा रहा है इनमें से दो बच्चियां जबलपुर की है जो यहां एक रिश्तेदारी में शामिल होने आए थी बाकी दो बच्चियां स्थानीय है।
घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सालीवाड़ा बरगी में रिश्तेदारी में आए एक विवाह समारोह में शामिल होने आई जबलपुर गौर कोसमघाट निवासी 14 साल की तनु पटैल, बिलहरी के कटियाघाट की रहने वाली 16 वर्षीय शीतल पटैल व जबलपुर मेडीकल के समीप सगडा की निवासी 14 वर्षीय सानिया पटेल गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे समीप ही स्थित नहर में नहाने गई थीं। इस दौरान चारों लड़कियां किनारे मोबाइल फोन निकालकर रील बना रही थी। तभी उनका पैर फिसल गया और वे नहर में गिर गई। जिसमें एक को तैरना आता था तो वह किसी तरह बाहर निकल गई। घटना की खबर मिलते ही जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी, होमगार्ड का गोताखोर दल पहुंच गया। रेस्क्यू टीम ने तलाश शुरु की, करीब तीन घंटे बाद घटना स्थल से एक किलोमीटर दूर शीतल पटेल व सानिया पटेल के शव बरामद हुए। वहीं तनु पटेल की तलाश में रेस्क्यू टीम जुटी हुई है। घटना की खबर मिलते ही पटेल परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए थे, जिस घर में शादी की हंसी खुशी का माहौल था वहां मातम छा गया| गांव में सन्नाटा पसर गया| पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया| मर्ग कायम कर मामलें की जांच की जा रही है।